तराई पश्चिमी वन प्रभाग के आमपोखरा रेंज में सिंचाई नहर से रविवार को तेंदुए का शव मिलने अधिकारियों में खलबली मच गई। तेंदुए के शरीर में बने जख्मों से किसी धारदार हथियार से उसकी हत्या कर शव नहर में फेंकने की आशंका जताई गई है।
हाथीडंगर क्षेत्र में शव होने की सूचना के बाद वनकर्मी मौके पर पहुंचे। तेंदुआ नर है और उसकी उम्र सात साल आंकी गई है। तेंदुए के नाक से खून निकल रहा था। जख्मों से वन विभाग यह मान रहा है कि हत्या के बाद तेंदुए के शव को नहर में फेंका गया होगा। वन परिसर कार्यशाला में शव का पोस्टमार्टम पशु चिकित्सक डा. दुष्यंत कुमार और योगेश अग्रवाल ने किया।
मौके पर एसडीओ जेपी सिंह, रेंजर जगमोहन रावत, कार्बेट टाइगर रिजर्व के पार्क वार्डन सतीश उपाध्याय, वन दरोगा निर्मल पांडे भी मौजूद रहे। मौत का असल कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही पता चलेगा।