तीनपानी बाईपास पर बीए के छात्र को कुचलने वाले ट्रक चालक को कालाढूंगी पुलिस ने बुधवार रात घेराबंदी कर पकड़ लिया। पुलिस ने ट्रक जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। चालक लालकुआं से ट्रक में लकड़ी भरकर रामनगर जा रहा था।
इंदिरानगर ठोकर निवासी पीडब्लूडी के ठेकेदार याकूब के पुत्र यामीन (22) को तीनपानी बाईपास पर बुधवार रात तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया था। दुर्घटना में यामीन का भतीजा जीशान और मौसेरा भाई किच्छा निवासी सद्दाम भी घायल हुए थे। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भाग निकला। हादसे के बाबत यामीन के करीबी हनीफ ने धारा 304 ए के तहत कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया।
इसके बाद चालक और ट्रक को पकड़ने के लिए सीओ राजेंद्र सिंह ह्यांकी ने जिले के पुलिस कर्मियों को संदेश प्रसारित कराया। रात में ही जगह-जगह चेकिंग शुरू की गई। इस बीच ट्रक चालक शहर को पार कर चुका था। देर रात कालाढूंगी पुलिस ने भाग रहे ट्रक को पीछा कर पकड़ लिया। ट्रक को कब्जे में लेकर चालक यूसुफ रामनगर गुलरघट्टी को गिरफ्तार कर लिया। चालक ने बताया कि वह लालकुआं से लकड़ी भरकर लौट रहा था। इधर, पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।