पीरूमदारा में प्रशासन ने जेसीबी चलाकर अतिक्रमण ध्वस्त किया। नेशनल हाईवे पर जमे दर्जनों अतिक्रमणकारियों ने इसका पुरजोर विरोध भी किया। पुलिस-प्रशासन के आगे उनकी एक नहीं चली।
बृहस्पतिवार सुबह एसडीएम परितोष वर्मा के नेतृत्व में पुलिस, एनएस विभाग का अमला पीरूमदारा पहुंचा। जहां एनएच- 121 पर दर्जनों लोगों ने अतिक्रमण कर रखा था। टीम ने दो जेसीबी की मदद से अतिक्रमण को तोड़ना शुरू कर दिया। जबकि कई फल ठेली वाले पहले से अपना सामान लेकर फरार हो गए।
एसडीएम परितोष वर्मा ने बताया कुछ अतिक्रमणकारियों ने विरोध भी किया, लेकिन उनकी एक भी बात नहीं सुनी गयी। उन्होंने बताया अतिक्रमण के जब्त सामान को एनएच विभाग को सौंप दिया गया है।
ज्ञात रहे पीरूमदारा में अतिक्रमण को लेकर अक्टूबर 2015 में स्थानीय एक युवक ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। मामले में कोर्ट ने अतिक्रमण हटाने के आदेश एनएच विभाग व प्रशासन को दिए थे। जिसके बाद पीरूमदारा एनएच से अतिक्रमण ध्वस्त कर दिया गया था। इसके बाद कुछ लोगों ने यहां फिर अतिक्रमण कर दिया था। इसलिये पुन: अतिक्रमण हटाओ अभियान को अंजाम दिया गया।
टीम में तहसीलदार सुंदर सिंह तोमर, एई एनएच आरएस भैसोड़ा, जेई पंकज कुमार, बीएस मुरारी, राजस्व निरीक्षक रामलाल, राजस्व उपनिरीक्षक तारा चंद्र घिल्डियाल, कोतवाल बीएस भाकुनी, एसआई श्वेता नेगी आदि थे।
.... और रो पड़े क्षेत्रवासी
अपना घर टूटता देख कई क्षेत्रवासी रो पड़े। उनका कहना था पाई-पाई जोड़कर उन्होंने जिस घर को बनाया। प्रशासन को उसे बनाने से पहले यह कार्रवाई करनी चाहिए थी।