गौलापार के कुंवरपुर तिराहा में पुलिया पर बैठने को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट के बाद बवाल हो गया। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर पथराव किया। हवाई फायरिंग भी हुई। पथराव में दो लोग घायल हो गए और कई लोगों को हल्की चोटें आई हैं।
विवाद को शांत कराने के लिए चार थानों की फोर्स बुलानी पड़ी। पुलिस ने दोनों पक्षों के चार लोगों के खिलाफ मारपीट सहित कई अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार इंद्रानगर निवासी गुड्डू उर्फ कय्यूम और इमरान गौलापार में कुंवरपुर तिराहे के समीप सोमवार शाम निर्माण कार्य करा रहे थे। इसी बीच देवला तल्ला कुंवरपुर निवासी संजू आर्य और शेखर आर्य वहीं समीप की पुलिया पर बैठे थे।
बताया जा रहा है कि पुलिया पर बैठने को लेकर संजू, शेखर और गुड्डू, इमरान पक्ष के बीच कहासुनी हो गई। कुछ देर में कहासुनी मारपीट में बदल गई। मारपीट के बाद मामला शांत हो गया।
पुलिस का कहना है कि रात करीब नौ बजे गुड्डू और इमरान अपने साथियों को लेकर दुबारा कुंवरपुर तिराहे पर पहुंच गए। संजू और शेखर को गालियां देने लगे। पास की दुकान पर बैठे पंकज भट्ट समेत कुछ लोगों ने इसका विरोध किया।
इसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट हो गयी। कुछ ही देर में पथराव शुरू हो गया। मारपीट और पथराव होने से क्षेत्र में बवाल हो गया। बताया जाता है कि इस दौरान हवाई फायर भी किए गए।
विवाद शांत कराने के लिए कोतवाली, मुखानी, काठगोदाम और बनभूलपुरा थाने की पुलिस बुलानी पड़ी। पुलिस ने लाठियां फटकारकर बवाल मचा रहे लोगों को मौके से खदेड़ा। तब जाकर मामला शांत हुआ।
पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों के बीच रंजिश भी बताई जा रही है। काठगोदाम थानाध्यक्ष केआर पांडे ने बताया कि झगड़े में पंकज भट्ट और गुड्डू घायल हो गए। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से एक दूसरे के खिलाफ दी गई तहरीर के आधार पर गुड्डू , इमरान, संजू और शेखर के खिलाफ धारा 323,504 और 506 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है ।