समीपवर्ती ग्राम गेठिया के कुरिया नाले में बुधवार को एक मानव कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई। देर शाम तक कंकाल की शिनाख्त नहीं हो पाई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कंकाल को सील कर पोस्टमार्टम के लिए नैनीताल भेज दिया है।
चौकी प्रभारी मुनव्वर सिंह राणा ने बताया कि गेठिया निवासी कुंदन सिंह बगड़वाल द्वारा बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे कुरिया नाले में मानव कंकाल पड़े होने की सूचना दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा। उन्होंने बताया कि कंकाल पांच से 6 माह पुराना प्रतीत हो रहा है।
सड़ी-गली अवस्था में मिले इस कंकाल की शिनाख्त करा पाने में मुश्किल हो रही है। पुलिस शिनाख्त के लिए गुमशुदा लोगों के परिजनों से भी संपर्क कर रही है। पुलिस ने मानव कंकाल को पंचनामे के बाद सील कर पोस्टमार्टम के लिए नैनीताल भेज दिया है। राणा के मुताबिक कंकाल का पोस्टमार्टम बृहस्पतिवार को होगा।