हीरानगर स्थित संजय कालोनी में गुंडा एक्ट के आरोपी ने शराब पीकर बवाल किया। परिवार के लोगों की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस का कहना है कि गुंडा एक्ट के मामले में जिला बदर आरोपी डेढ़ माह पहले जमानत पर छूटा था।
हीरानगर संजय कालोनी निवासी गोपाल उर्फ मवाली शराब पीकर अपने परिवार से मारपीट करने लगा। गोपाल के भाई और परिवार के अन्य सदस्य शिकायत करने हीरानगर चौकी पहुंचे। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर चालान किया।
इस बारे में एसएसआई इंदर सिंह राणा ने बताया कि गोपाल के खिलाफ गुंडा एक्ट और जिला बदर की कार्रवाई हो चुकी है। डेढ़ माह पहले वह जेल से जमानत पर घर आया था।
कुछ दिनों तक शांत रहने के बाद फिर अराजकता पर उतर गया। वह चोरी करने का भी आदी है। इस मामले में उसके खिलाफ अन्य कार्रवाई करने पर पुलिस विचार कर रही है।