तराई वन प्रभाग गौला रेंज हल्द्वानी ने वन अपराध में वांछित नवदीप उर्फ नवी के घर की शनिवार को कुर्की कर दी। कुर्की की कार्रवाई मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर हुई। टीम ने वांछित नवी के घर बिलासपुर कासगंज पहुंचकर स्थानीय पुलिस की मदद से कुर्की कर सामान कब्जे में लिया।
वन क्षेत्राधिकारी चंद्रशेखर पांडे के मुताबिक नवदीप उर्फ नवी गौला वन क्षेत्र के अंतर्गत वन अपराध में वांछित था। नवी का फौजदारी वाद संख्या 2343/14 न्यायालय में विचाराधीन है। न्यायालय में पेश नहीं होने पर वारंट जारी किए गए थे, इसके बाद भी नवी कोर्ट में हाजिर नहीं हुआ। वन क्षेत्राधिकारी के मुताबिक कोर्ट के आदेश पर उनकी टीम बिलासपुर स्थित नवी के घर पहुंची। टीम के पहुंचने की भनक लगने पर नवी परिवार समेत फरार हो गया।
टीम ने स्थानीय पुलिस की मदद से नवी के घर की कुर्की की। इस दौरान नवी के घर से टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन, कूलर, रसोई का सामान, बर्तन, बेड समेत सभी घरेलू सामान कब्जे में ले लिया। कुर्की की कार्रवाई में मुकुल सुनाल, राजिक, प्रमोद सिंह बिष्ट, दयाकृष्ण चौबे, इंद्र सिंह नेगर, मदन मोहन, डीएन पाठक, धन सिंह अधिकारी, बबीता, कमला नयाल, ललिता नेगी, पुष्पा तिवाड़ी, आशुतोष सती मौजूद थे।