शांति कमेटी की बैठक में लोगों ने ईद के दूसरे दिन सीपीयू को गौलापार-काठगोदाम मार्ग पर तैनात करने की मांग उठायी। एसपी सिटी ने इस मामले में विचार करने का आश्वासन दिया है।
सिटी मजिस्ट्रेट आर डी पालीवाल और एसपी सिटी यशवंत सिंह चौहान ने संयुक्त रूप से कोआपरेटिव सभागार में बृहस्पतिवार को शांति कमेटी की बैठक बुलायी थी।
बैठक के दौरान ईद के पहले बिजली, पानी और सर्फाई व्यवस्था दुरुस्त करने मांग लोगों ने उठाई। पूर्व पार्षद शकील सलमानी ने खराब पड़ी स्ट्रीट लाइट, कूड़े और गंदगी की समस्या उठाई।
सिटी मजिस्ट्रेट ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को मौका मुआयना कर त्यौहार के पहले व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिये। बताया कि कई लोगों ने नालियों पर अतिक्रमण कर लिया है।
इस कारण रास्ते काफी संकरे और गंदे हो गए हैं। जिला प्रशासन अतिक्रमण हटाकर बनभूलपुरा के रास्तों को चौड़ा करना चाहता है। शांति कमेटी के सदस्यों ने इस मामले में सहयोग करने का आश्वासन दिया।
कुछ वक्ताओं ने सीपीयू के कार्यों की तारीफ करते हुए इस फोर्स को ईद के दूसरे दिन काठगोदाम, गौलापार, हेड़ाखान मार्ग पर तैनात करने का अनुरोध किया। एसपी सिटी ने इस मामले में विचार करने का आश्वासन दिया।
बैठक के दौरान सपा के वरिष्ठ नेता अब्दुल मतीन अहमद सिद्दीकी, मजहर नईम नवाब, रहमत अली, रईसुल हसन, धीरेंद्र रावत, दिनेश जोशी, सुहेल सिद्दीकी आदि ने विचार व्यक्त किए। इस दौरान अधिकारियों में एसडीएम पंकज उपाध्याय,अधिशासी अभियंता नवीन मिश्रा, तहसीलदार सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद थे।