अल्मोड़ा से देहरादून को निकले युवक का शव बुधवार को हल्द्वानी में पांडे नवाढ़ सरकारी अस्पताल के सामने नहर में मिला। मुखानी पुलिस ने मौके का मुआयना किया। उसकी नाक और सिर पर चोट के निशान हैं। पानी में घिसटने से हाथ पर भी खरोंच आयी है। तलाशी के दौरान उसके पास से दो आईडी मिलीं। इसी आधार पर पुलिस ने शव की शिनाख्त की।
अल्मोड़ा जिले के माटीला सूरी निवासी मोहन सिंह बिष्ट (36) का शव पांडे नवाढ़ सरकारी अस्पताल के समीप नहर में बुधवार की सुबह बहता देखकर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मुखानी के उपनिरीक्षक जीआर गोला ने मौके का मुआयना कर शव को नहर से बाहर निकाला।
तलाशी के दौरान उसके पास से पुलिस ने वोटर आईडी और एक कंपनी से जारी आईडी बरामद की। आईडी के आधार पर मुखानी पुलिस ने अल्मोड़ा पुलिस को सूचना दी। इसी आधार पर मोबाइल नंबर मिलने के बाद मुखानी पुलिस ने माटीला सूरी गांव के एक बीडीसी से संपर्क किया।
बीडीसी ने पुलिस की परिजनों से बात कराई। परिजनों ने बताया कि मोहन छह साल पहले मुंबई स्थित एक होटल में काम करते थे। इधर कुछ दिन पहले उन्होंने देहरादून में नौकरी के लिए बातचीत की थी। घर से वह देहरादून के लिए निकले थे। परिवार के लोग दंग हैं कि वे हल्द्वानी कैसे उतर गए।
पुलिस का कहना है कि मोहन शराब के आदी थे। आशंका है कि कहीं मोहन को लूटकर फेंका तो नहीं गया है, क्योंकि जेब में पर्स भी नहीं था। पुलिस का मानना है कि शराब पीकर नहर में गिरने के बाद शब बहकर यहां आया है।