बरेली रोड पॉल कांप्लैक्स के समीप सोमवार शाम कार सवारों को सीपीयू ने अनियंत्रित गाड़ी चलाने के आरोप में रोक लिया। चालान की बात सुनते ही नशे में धुत कार सवार सीपीयू जवानों से हाथापाई करने लगे।
हंगामे के बीच सीपीयू टीम कार सवार तीन लोगों को पकड़कर कोतवाली ले जाने लगी मगर रास्ते से एक युवक भाग निकला। पुलिस ने इस मामले में मारपीट, धमकी, सरकारी कार्य में बाधा डालने का मुकदमा दर्ज दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
सीपीयू के उपनिरीक्षक नरेश पांडेय के साथ कांस्टेबल संजय शर्मा सोमवार शाम बरेली रोड पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। यूए 02ए 1012 नंबर की 800 कार को चालक अनियंत्रित तरीके से चला रहा था। सीपीयू ने पीछा कर कार को रोक लिया और चालान करने को लेकर दोनों पक्षों में बहस हो गयी।
वीडियोग्राफी करने पर नशे में धुत युवक सीपीयू से हाथापाई करने लगे। हंगामे को देखते ही मौके पर काफी लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई।
बरेली रोड पर कुछ देर जाम लग गया। घटना की सूचना मिलने के बाद सीपीयू के अन्य जवान भी मौके पर पहुंच गए। सीपीयू कार सवार तीन लोगों को पकड़कर कोतवाली ले जाने लगी।
मगर एक युवक रास्ते से भाग निकला। पकड़े गए लोगों में नयीबस्ती गांधी नगर निवासी मनोज कुमार और लाइन नंबर 16 कब्रिस्तान गेट निवासी टिंकू सागर शामिल हैं।
कोतवाली पुलिस ने दोनों का मेडिकल मुआयना किया। पूछने पर पता चला कि कार टिंकू चला रहा था। पुलिस फरार युवक की भी तलाश कर रही है। पुलिस ने सीपीयू की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।