सोशल मीडिया पर एक व्यक्ति की धार्मिक स्थानों के खिलाफ टिप्पणी से इंद्रानगर के लोग भड़क गए। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर वर्ग विशेष के लोगों ने नारेबाजी के बाद पथराव कर दिया। मामला बिगड़ते देख पुलिस ने लाठी भांजी और हल्का बल प्रयोग कर किसी तरह से स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ने तत्काल टिप्पणी करने के आरोपी को उसके पिता के साथ हिरासत में ले लिया। तनाव को देखते हुए क्षेत्र में पुलिस के साथ अर्धसैनिक बलों की गश्त बढ़ा दी गई है। सिटी मजिस्ट्रेट और एसपी सिटी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।
इंद्रानगर राजकीय इंटर कॉलेज के पास रहने वाले रवि कुमार साहू ने सोशल मीडिया पर दूसरे गुट के धार्मिक स्थानों को शेयर करने के बाद उस पर टिप्पणी की। इसकी जानकारी मिलने पर इंद्रानगर के लोग भड़क गए। नारेबाजी करते हुए काफी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए।
कुछ लोगों ने आरोपी को पीटने की योजना बनाई। बवाल की जानकारी मिलने के बाद एसपी सिटी अमित श्रीवास्तव, सीओ दिनेश चंद्र ढौडियाल, शहर के चारों थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। बताया जा रहा है कि गुस्साए लोग इस बीच इंटर कॉलेज के पास आरोपी के घर धावा बोलने के लिए जाने लगे।
पुलिस ने पहले लोगों को समझा बुझाकर हटाने के प्रयास किया लेकिन वे मानने के लिए तैयार नहीं थे। पुलिस ने आरोपी रवि कुमार साहू के साथ सुरक्षा की दृष्टि से उसके पिता को भी हिरासत में ले लिया। स्थिति गंभीर होने के बाद सिटी मजिस्ट्रेट पंकज उपाध्याय, एसडीएम एपी बाजपेई मौके पर पहुंच गए।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी लेकिन दूसरे गुट में भी नारेबाजी करने के लिए कई स्थानीय नेता आगे आ गए। पुलिस ने किसी प्रकार लोगों को हटाया लेकिन गुस्साए लोगों ने एक मीनार मस्जिद के समीप पुलिस पर पथराव किया।
पुलिस ने दो बार लाठी भांजकर लोगों को खदेड़ा। तनाव को देखते हुए एसएसपी ने मौके पर पुलिस के साथ अर्धसैनिक बल को तैनात कर दिया। लोगों से शांति कायम रखने की अपील की गई।
आरोपी पहले से है दागदार
सीओ दिनेश चंद्र ढौडियाल ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी रवि कुमार पहले से ही दागदार है। होली के समय भी उसने वर्ग विशेष पर झूठा आरोप लगाकर माहौल खराब करने की कोशिश की थी।
सख्त कार्रवाई होगी
एसएसपी जन्मेजय खंडूरी ने कहा कि इंद्रानगर की घटना संवेदनशील और नियंत्रण में है लेकिन किसी को कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी। आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।