कोचिंग जा रही छात्राओं से छेड़छाड़ करना चिकन शॉप चलाने वाले युवक को भारी पड़ गया। छात्राओं की शिकायत पर आसपास के लोगों ने उसकी जमकर पिटाई लगाई। इस बीच उसके दो साथी मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने युवक को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। देर शाम ग्रामीणों ने दोनों युवकों को भी पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। क्षेत्रवासियों ने किराएदारों के सत्यापन की मांग उठाई है।
हल्दूचौड़ तिराहा गन्ना सेंटर के पास चिकन शॉप चलाने वाला युवक और उसके दो साथी आए दिन राह चलती लड़कियों से छेड़खानी करते थे।
बृहस्पतिवार की शाम कोचिंग जा रही छात्राओं से उन्होंने छेड़छाड़ की और उनके आगे बाइक लगा दी। छात्राओं ने घर पहुंचकर अपने परिजनों से शिकायत की तो भीड़ चिकन शॉप पर पहुंच गई।
उन्होंने दुकानदार की जमकर पिटाई लगाई। उसके दोनों साथी बाइक लेकर फरार हो गए। उसके बाद युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। शाम को ग्रामीणों ने दोनों अन्य युवकों को भी पकड़कर पुलिस का सौंप दिया।
इधर, चौकी इंचार्ज विपिन चंद्र जोशी ने कहा कि इन युवकों की कई बार शिकायत मिली थी। फिलहाल माफी मांगने और उनके परिजनों द्वारा लिखित में देने पर उन्हें कड़ी हिदायत देते हुए रिहा कर दिया।