गोविंदग्राम स्थित नाली में शनिवार सुबह सेंचुरी पेपर मिल के कर्मचारी का लहूलुहान शव मिला। उसके सिर पर चोट के निशान थे। आशंका है कि उसकी हत्या की गई है। काठगोदाम पुलिस ने परिजनों को सूचना भेज दी है।
गौलापार गोविंदग्राम में शनिवार सुबह एक युवक का शव मिला। उसके सिर पर चोट लगने से खून बह रहा था। सूचना पर पुलिस मौके में पहुंची। तलाशी के दौरान उपनिरीक्षक शांति कुमार गंगवार ने युवक का परिचय पत्र और निर्वाचन कार्ड बरामद किया, जिससे उसकी शिनाख्त जितेंद्र प्रसाद पुत्र शिवशंकर निवासी यूपी के देवरिया जिले के लार (सलेमपुर) चोरडीहा के रूप में हुई। वह सेंचुरी पेपर मिल लालकुआं में काम करता था।
जेब से बरामद मोबाइल नंबर के आधार पर पुलिस ने परिजनों को सूचना भेज दी है। परिजन अभी नहीं पहुंचे हैं। युवक किस प्रकार गोविंद ग्राम आया। पुलिस इसकी जानकारी इकट्ठा कर रही है। पंचनामे के बाद अभी शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया है। ग्रामीणों को आशंका है कि युवक को मारा गया है, लेकिन पुलिस घाव को सामान्य मानकर जांच कर रही है।