किच्छा के उप प्रभागीय वनाधिकारी के बोलेरो चालक ने रविवार शाम रामपुर रोड पर एक ठेले और जीप को टक्कर मार दी और हल्द्वानी शहर की तरफ भाग निकला। इस बीच बोलेरो का बंपर नेम प्लेट के साथ गिर पड़ा। दुर्घटना में ठेला चला रहा किशोर और जीप चालक बाल-बाल बच गए।
एसडीओ किच्छा की बोलेरो लेकर उनका चालक रुद्रपुर से हल्द्वानी शहर की तरफ जा रहा था। रविवार शाम सात बजे रामपुर रोड पर बोलेरो चालक ने एक ठेले और मैक्स पिकअप (यूए 04बी7714) को टक्कर मार दी और भाग गया। टक्कर से ठेले पर रखी सब्जी सड़क पर बिखर गई, लेकिन ठेला चला रहा किशोर सूरज पाल मौर्या (16) बाल-बाल बच गया। सूरज के पिता खेलपाल ने बताया कि वह बाजार से लौट रहा था।
वहीं, जीतपुर नेगी निवासी मैक्स चालक एनएस अधिकारी ने बताया कि वह देवलचौड़ से फ्रिज लेकर आ रहा था। दुर्घटना के चलते उसकी गाड़ी से मोबिल आयल गिरने लगा है और बंपर टेढ़ा हो गया है। क्षेत्रीय लोगों ने घटना की सूचना टीपीनगर पुलिस चौकी को दी।