टेढ़ीपुलिया के समीप तेज रफ्तार बस की टक्कर से शुक्रवार सुबह बुलेट सवार शिक्षक की मौत हो गई और शिक्षक का भाई बुरी तरह घायल हो गया।
घायल को बृजलाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लोगों का कहना है कि शिक्षक की पत्नी के लिए करवाचौथ का दिन काल बनकर आया। काठगोदाम पुलिस ने बस चालक को हिरासत में ले लिया है।
वेणीखत्ता दमुवाढूंगा निवासी सीआरपीएफ के असिस्टेंट कमांडेंट ( रिटायर्ड )बहादुर राम आर्या के पुत्र विजय कुमार आर्या (30) अल्मोड़ा जिले के जालनी स्थित इंटर कालेज में भौतिकी विज्ञान के प्रवक्ता थे।
उनके भाई अजय प्रकाश (24) भी रुद्रपुर में शिक्षक हैं। शुक्रवार सुबह विजय अपने छोटे भाई को रोडवेज तक छोड़ने के लिए बुलेट मोटरसाइकिल (यूके 04 एफ 4358) से जा रहे थे।
टेढ़ीपुलिया के समीप सामने से आ रही सिडकुल की तेज रफ्तार बस (यूके 06 सीए 0588) ने मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। हेलमेट दूसरी तरफ गिर पड़ा और दोनों भाई बुरी तरह घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों भाइयों को बेस अस्पताल पहुंचाया लेकिन डाक्टरों ने विजय को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद घायल अजय प्रकाश को पुलिस ने 108 नंबर एंबुलेंस की मदद से बृजलाल अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस ने बस को कब्जे में लेने के बाद चालक को हिरासत मेें ले लिया है। पुलिस की पूछताछ से पता चला कि विजय की शादी नवंबर 2013 में रुद्रपुर स्थित देना बैंक में शाखा प्रबंधक के पद पर कार्यरत अंजू के साथ हुई थी।
कोतवाल आर एस मेहता ने बताया कि अंजू जसपुर के पुलिस इंस्पेक्टर बीआर आर्या की बेटी हैं। विजय तीन भाई बहनों में दूसरे नंबर के थे। हादसे की जानकारी मिलने पर काफी लोग पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए।