रामनगर में बेखौफ पशु तस्कर पुलिस को चकमा देकर बैरियर तोड़कर भागने में सफल रहे। हालांकि फरार तस्करों में पुलिस ने एक की पहचान की है। जिसकी तलाश की जा रही है। शनिवार सुबह पांच बजे एसआई आरसी ढौंडियाल को मुखबिर ने सूचना दी कि पाटकोट की ओर से पशु तस्कर पिकप (यूके 04सीए 6785) में मवेशी ठूंसकर ला रहे हैं।
सूचना के बाद एसआई मय फोर्स समेत टेड़ा वन चौकी पर पहुंचे और बैरियर लगाकर तस्करों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन तस्कर बैरियर तोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने पीछा कर ट्रांसपोर्टनगर में वाहन से चार गाय, एक बैल को बरामद किया। जबकि पशु तस्कर भाग निकले।
एसआई ढौंडियाल ने बताया कि फरार तस्करों में वसीम निवासी खताड़ी की पहचान हुई है। उन्होंने बताया कि पशुओं को गौशाला पहुंचाने के बाद पिकप को सीज कर दिया गया। साथ ही, तस्करों के खिलाफ गौवंश संरक्षण अधिनियम 2007 में मुकदमा दर्ज किया गया है।
कोसी रेंज का टेड़ा गेट का बैरियर तोड़ने वाले पशु तस्करों के खिलाफ वन विभाग ने भी मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस को दी तहरीर में वन आरक्षी किशोरी लाल ने बताया कि शनिवार सुबह पशु तस्कर पुलिस के डर से बैरियर तोड़कर भाग गए। एसआई कश्मीर सिंह ने बताया कि तस्करों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है।