एसडीएम पंकज उपाध्याय के सामने शुक्रवार सुबह शराब पीकर एक संग्रह अमीन शपथ पत्र बनवाने के लिए पहुंच गया। मेडिकल टेस्ट में शराब पीने की पुष्टि होने पर एसडीएम ने मामले में तहसीलदार लालकुआं से आख्या मांगी है। डीएम को भी अमीन के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए रिपोर्ट भेजी गई है।
एसडीएम पंकज उपाध्याय शुक्रवार को अपने कार्यालय में बैठे थे। इसी बीच लालकुआं का संग्रह अमीन विजेंद्र मठपाल एक शपथ पत्र बनवाने के लिए एसडीएम के पास पहुंच गया। अमीन के मुंह से शराब की गंध आने पर एसडीएम ने उससे पूछताछ की तो वह अकड़ने लगा।
इस पर एसडीएम ने तत्काल उसका मेडिकल मुआयना कराने के लिए अधीनस्थों को निर्देश दिया। बेस अस्पताल में हुए मेडिकल में विजेंद्र के शराब पीने की पुष्टि हुई। एसडीएम ने इसके बाद मामले में लालकुआं तहसीलदार से अमीन के बारे में आख्या मांगते हुए रिपोर्ट डीएम को भेजकर कार्रवाई की संस्तुति की है। इधर, घटना को लेकर एसडीएम दफ्तर में कुछ देर के लिए अफरातफरी रही।