हल्द्वानी। ललित महिला इंटर कॉलेज के सामने से सोमवार की दोपहर ऑटो में बैठी छात्रा के साथ बड़ी रोड पर चालक ने अश्लील बातें करनी शुरू कीं तो छात्रा उसकी मंशा भांप ऑटो से कूद गई। परिजनों ने अपने स्तर से सीसीटीवी फुटेज खंगाले लेकिन पुलिस में शिकायत नहीं की है। सोशल मीडिया पर एक ऑटो की फुटेज और छात्रा के अपहरण की कोशिश की बात वायरल हो रही है।
ललित महिला इंटर कॉलेज के सामने सोमवार की दोपहर करीब दो बजे चार छात्राएं घर जाने के लिए एक ऑटो में सवार हुईं। तीन छात्राएं बड़ी मस्जिद के पास उतर गईं, लेकिन नौवीं की एक छात्रा दुर्गा मंदिर के पास जाने के लिए ऑटो में बैठी रही। रास्ते में ऑटो चालक छात्रा से अश्लील बातें करने लगा। इस पर छात्रा चालक को खरी-खोटी सुनाकर ऑटो से कूद गई। चालक मौके से भाग निकला। छात्रा के बताने पर परिजनों ने चालक की पहचान करने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले। परिजन एक आटो का नंबर फुटेज में आने पर पर संबंधित चालक की तलाश कर रहे हैं। लोकलाज के चलते उन्होंने पुलिस को तहरीर नहीं दी है। बनभूलपुरा थानाध्यक्ष दिनेशनाथ महंत ने बताया कि किसी ने शिकायत दर्ज नहीं कराई है। यदि शिकायत मिलेगी तो पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करेगी। इधर सोशल मीडिया पर एक ऑटो का फुटेज वायरल है और कहा जा रहा है कि छात्रा के अपहरण की कोशिश की गई।
अकेली देख चालक करने लगा
बेहूदी बात तो छात्रा ऑटो से कूदी
सोशल मीडिया पर एक ऑटो की फुटेज वायरल, छात्रा के अपहरण की कोशिश का शोर