हल्द्वानी। नैनीताल रोड पर सेंट थेरेसा स्कूल के पास बुधवार शाम टेंपो में चालक का शव मिला। पुलिस ने टेंपो से शराब और मट्ठे की बोतल बरामद किया। काठगोदाम पुलिस का मानना है कि चालक की मौत हार्ट अटैक या शराब पीने से हुई है। टेंपो में उल्टी करने के भी सबूत मिले हैं।
काठगोदाम थानाध्यक्ष कमाल हसन और चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे तो शिनाख्त तल्ली हल्द्वानी निवासी मोहन सिंह (29) पुत्र होशियार सिंह के रूप में हुई। सूचना पर होशियार सिंह और उसके रिश्तेदार आनंद सिंह ने मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि आनंद के तीन बच्चे सुधांशु (10), सृष्टि (08) और सुशांत (04) हैं। होशियार सिंह मंगलपड़ाव स्थित आरा मशीन में काम करते हैं। होशियार सिंह मूल रुप से खटीमा के रहने वाले हैं लेकिन अब परिवार के साथ यहां रहने लगे। मोहन सिंह ने सुबह अपने दोस्त लाइन नंबर 18 निवासी सलीम से टेेंपो चलाने के लिए मांगा था। थानाध्यक्ष का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद पता चलेगा कि मौत किन कारणों के चलते हुई है। प्रथम दृश्टया घटना का कारण हार्ट अटैक प्रतीत हो रहा है।