हल्द्वानी। भगवानपुर बिचली में किराए के कमरे में रह रहे ऑटो चालक ने फांसी लगाकर जान दे दी। पूछताछ से पता चला कि उसने बैंक से ऋण लेकर ऑटो लिया था और डेढ़ महीने पहले फाइनेंस की किश्त जमा की थी। पुलिस घटना का प्राथमिक कारण आर्थिक तंगी मान रही है।
बरेली जिले के समूहा नवाबगंज निवासी रमेश चंद्र (25) भगवानपुर बिचली में गणेश सिंह के मकान में एक साल से किराए पर परिवार के साथ रहता था। चार दिन पहले वह अपनी पत्नी और बच्चे को पीलीभीत स्थित मायके छोड़ दिया था। बुधवार को उसने अपने कमरे में पंखे से फांसी लगा ली। पड़ोस के एक व्यक्ति ने देखा तो शोर मचाया। आवाज सुनकर काफी लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। मकान मालिक के सामने उसे फंदे से नीचे उतारा गया। उसने मॉफलर का फंदा बनाया था। भाई के मौत की जानकारी मिलने पर कुछ दूरी पर किराए पर रहने वाला उसका भाई देवेंद्र भी मौके पर पहुंचा। मुखानी थाने के उपनिरीक्षक महेंद्र कुमार ने मौके का जायजा लिया। पता चला कि फाइनेंस की किश्त के बाद वह तनावग्रस्त रहने लगा था। यह भी बताया जा रहा है कि पत्नी से झगड़ा होेने पर चार दिन पहले उसने उसे मायके भेज दिया था। पड़ोसियों का कहना था कि दोपहर में वह ऑटो खड़ा करने के बाद कमरे में गया था।