बुर्कानशीं उचक्कों की सरगना तो शातिर निकली
हल्द्वानी। 28 जून को रोडवेज परिसर में खड़ी बस में यात्रियों के पर्स और मंगलसूत्र साफ करने वाले गैंग का रविवार को खुलासा हो गया। पुलिस ने तीन महिला सदस्यों को शनिवार को नैनीताल में धर दबोचा था। सरगना समेत दो को रविवार को गिरफ्तार किया गया। दोनों के पास लूटा गया मंगलसूत्र, तीन पर्स और 4500 रुपये भी बरामद हुए। बुर्कानशीं उचक्कों के इस गैंग की सरगना बरेली निवासी रुखसाना खातून बेहद शातिर निकली। यह गैंग अजमेर शरीफ, पिरान कलियर, श्री नानक साहिब आदि धर्मस्थलों में भी कई वारदात कर चुका है। रुखसाना पर्स चोरी के आरोप में पहले भी तीन महीने तक जेल की हवा खा चुकी है।
एसएसपी जन्मेजय खंडूरी ने रविवार को बहुउद्देश्यीय भवन में पत्रकारों को बताया कि 28 जून को रोडवेज परिसर में दिनदहाड़े बस में सात महिलाओं के जेवर और पर्स उड़ाने की घटना के बाद हीरानगर तल्लीताल निवासी सुरेश चंद्र आर्या की पत्नी सुशीला आर्या ने मुकदमा दर्ज कराया था। अभियुक्तों को पकड़ने के लिए थाना प्रभारी केआर पांडे, एसओजी प्रभारी दिनेश चंद्र पंत की अगुवाई में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने रविार को रेलवे स्टेशन के पास से महिला सहित दो लोगों को पकड़ लिया। एक ने अपना नाम बरेली जिले के मीरा की पैठ जगतपुर टंकी निवासी अनवर की पत्नी रुखसाना खातून और दूसरे ने ऊधमसिंह नगर के सिरौली कलां निवासी रुखसार हसन पुत्र नूर हसन बताया। पूछताछ के दौरान दोनों ने बताया कि वे धार्मिक मेले, उर्स, रेलवे स्टेशनों, बस स्टेशनों पर भीड़ का फायदा उठाते हुए पर्स और चेन मार देते हैं। यह गैंग ईद के दूसरे दिन काठगोदाम के उर्स में पहुंचा था।
ऐसे मिली सफलता
एसएसपी ने बताया कि रोडवेज में महिलाओं के साथ हुई घटना के बाद सीसीटीवी से कोई खास सफलता नहीं मिल सकी। उन्होंने तल्लीताल और हल्द्वानी दोनों स्थानों पर सादे वेश में महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों को लगाया था। गैंग के तीन सदस्यों के पकड़े जाने के बाद सर्विलांस से गैंग के अन्य सदस्यों तक पुलिस पहुंची।
अब लिफाफा गैंग पुलिस के निशाने पर
एसएसपी जन्मेजय खंडूरी ने बताया कि उचक्कों को पकड़ने के बाद पुलिस की टीमें लिफाफा गैंग की तलाश करेगी। पुलिसकर्मियों के लिए अगला टारगेट बनाया गया है। पुलिस इसके लिए सादे वेश में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाएगी।
...........
नैनीताल में पकड़ी गई महिलाओं को जेल भेजा
नैनीताल। शनिवार को रोडवेज बस स्टेशन से महिला का मंगलसूत्र लूटने वाली तीन महिलाओं को तल्लीताल थाना पुलिस ने रविवार को सीजेएम के सामने पेश किया जहां से उन्हें 12 दिन की पुलिस रिमांड पर हल्द्वानी जेल भेज दिया गया। तीनों बुर्काधारी महिलाओं ने शनिवार सुबह इंद्रा नगर काठगोदाम निवासी महिला नीलम देवी पत्नी किशोर का मंगलसूत्र छीन लिया था। पुलिस ने चार घंटे के अंदर ही अर्शी उर्फ जरीन पत्नी मो. आरिफ निवासी इंद्रानगर थाना किच्छा जनपद ऊधमसिंह नगर, परवीन पत्नी रुखसार हसन निवासी इंद्रानगर थाना किच्छा जनपद ऊधमसिंह नगर, गुलफ्सा पत्नी इकरार निवासी जामा मस्जिद के पास चार नंबर गली मुरादाबाद को पकड़ लिया था।
पुलिस ने साथी समेत पकड़ा, अजमेर शरीफ, पिरान कलियर, श्री नानक साहिब में भी कर चुके हैं वारदात
लूटा गया मंगलसूत्र, तीन पर्स, 4500 रुपये बरामद, बस में यात्रियों से लूट मामले में थी तलाश
अमर उजाला ब्यूरो