भीमताल (नैनीताल)। महिला की हत्या कर सड़क किनारे शव जलाने के मामले में पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। पुलिस ने घटना वाली रात रोड पर दौड़ने वाले संदिग्ध वाहनों को चिह्नित किया है। पुलिस की जांच अब इन्हीं सुरागों के इर्द गिर्द चल रही है। दूसरी ओर अधजले शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट अभी तक पुलिस को नहीं मिली है, जिसके चलते महिला की मौत के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस का दावा है कि मौजूदा सुरागों के आधार पर जल्द से जल्द मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
बताते चलें कि शनिवार सुबह भीमताल-रानीबाग रोड पर तल्ली सलड़ी के पास सड़क किनारे पुलिस को एक महिला का अधजला शव बरामद हुआ था। प्रारंभिक छानबीन के बाद पुलिस इस नतीजे पर पहुंची थी कि महिला की हत्या कहीं और कर शव तल्ली सलड़ी में लाकर जलाया गया था। तीन दिन बीतने के बाद भी पुलिस को अभी तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं मिली है, जिसके चलते महिला की मौत के कारणों की जानकारी अभी तक नहीं हो सकी है।
मामले की जांच कर रहे थानाध्यक्ष शांति कुमार गंगवार ने सोमवार को बताया कि घटना के बाबत पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं लेकिन महिला की शिनाख्त अभी नहीं हो पाई है। शुक्रवार रात भीमताल-रानीबाग रोड पर आने जाने वाले वाहनों में से कुछ संदिग्ध वाहनों को चिह्नित किया गया है। घटना के 72 घंटे बीतने के बाद पुलिस ने अधजले शव की अंत्येष्टि कर दी है। शव की शिनाख्त के लिए सलवार का टुकड़ा, जली हुई माला और परदे के कुंडे सुरक्षित रखे गए हैं। जबकि घटनास्थल से उठाए गए मिट्टी के नमूनों को जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला देहरादून जांच के लिए भेज दिया गया है।
अधजले शव के मामले में पुलिस को मिले महत्वपूर्ण सुराग
तीन दिन बीतने के बाद भी पुलिस को नहीं मिली पोस्टमार्टम रिपोर्ट
जांच अधिकारी का तबादला
भीमताल (नैनीताल)। महिला की हत्या कर शव जलाने के मामले की जांच कर रहे भीमताल के थानाध्यक्ष शांति कुमार गंगवार का सोमवार को पुलिस कप्तान ने चोरगलिया तबादला कर दिया। गंगवार के यहां से स्थानांतरित हो जाने के बाद अब मामले की जांच नए थानाध्यक्ष दानी राम आर्या करेंगे। लोगों का कहना है कि जांच के दौरान पुलिस अधिकारी के तबादले से जांच में विलंब होगा।