गरमपानी (नैनीताल)। रातीघाट-बेतालघाट मोटर मार्ग पर शुक्रवार देर रात पहाड़ी से कोसी नदी में गिरे शिव मंदिर के पुजारी मोहन गिरी गोस्वामी का शव शनिवार सुबह एसडीआरएफ की टीम ने बरामद किया। खैरना चौकी पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए नैनीताल भेजा।
राजभवन नैनीताल से शनिवार सुबह सात बजे पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने हेड कांस्टेबल जितेंद्र गिरी के नेतृत्व में पुजारी को नदी में खोजना शुरू किया। सात सदस्यीय दल ने एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आठ बजे शव को 20 फुट गहरे मटमैले पानी से बाहर निकाला। हेड कांस्टेबल जितेंद्र गिरी ने बताया कि पहाड़ी से गिरने के बाद मोहन गिरी गोस्वामी का सिर पत्थरों से टकरा गया था। पुलिस व स्थानीय लोगों की मदद से शव चौकी लाया गया। खैरना चौकी के एसआई अमित कुमार ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए नैनीताल भेज दिया गया। शुक्रवार देर रात खैरना से सूरी फार्म अपने घर को जा रहे शिव मंदिर के पुजारी मोहन गिरी गोस्वामी (52) मंदिर से 300 मीटर आगे मोटर मार्ग से कोसी नदी में जा गिरे थे। पीछे से आ रहे उनके लड़के नारायण गिरी गोस्वामी उर्फ बबलू ने घटना की सूचना स्थानीय लोगों और खैरना पुलिस को दी थी। मोहन के परिवार में पत्नी, तीन लड़के, एक लड़की है। नैनीताल से आई एसडीआरएफ की टीम में प्रकाश मेहता, चंदन रौतेला, सुरेंद्र कुमार, मनमोहन सिंह, चंदन बिष्ट आदि थे।