एसपी सिटी ने घटना का पर्दाफाश किया।
गोरखपुर। दो थानाक्षेत्रों की पुलिस ने शनिवार को अलग-अलग जगहों से पांच बदमाशों को गिरफ्तार करके उनके कब्जे से लूट और चोरी की नौ मोटरसाइकिलें और गांजा भी बरामद किया।
पुलिस लाइंस में एसपी सिटी विनय सिंह ने बताया कि कैंट पुलिस ने कूड़ाघाट के पास से तीन बदमाशों को गिरफ्तार करके सात चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। पकड़े गए बदमाशों की पहचान बिलंदपुर निवासी आयुष चौहान उर्फ राहुल, आवास विकास झारखंडी निवासी कृष्णा कुमार उर्फ छोटू और जंगल सिकरी निवासी सोहन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार सोहन और कृष्णा पर पहले से चोरी के सात केस और आयुष पर छह केस दर्ज हैं।
खजनी पुलिस ने भी कंदराई पुलिया के पास से ककराखोर, बेलीपार निवासी रामउग्रह यादव और उमेश यादव को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से चोरी और लूट की दो मोटरसाइकिलों बरामद की गईं। पुलिस का दावा है कि दोनों के पास से एक किलो दो सौ पचास ग्राम गांजा भी बरामद हुआ है। बरामद हुई एक बाइक 28 जून को पड़रिया पुलिया से लूटी गई थी।