हल्द्वानी। बिहार के पश्चिमी चंपारण क्षेत्र के एक युवक ने शनिवार को तिकोनिया रेलवे फाटक के पास एक दुकान की छत पर चढ़कर आत्मदाह की धमकी दी तो हड़कंप मच गया। बिहार में राशन कार्ड न बनने और कथित भ्रष्टाचार से परेशान युवक की मांग से पुलिस भी हतप्रभ रह गई। उसे किसी तरह नीचे उतारा गया। बाद में पुलिस ने शांति भंग की आशंका में उसे गिरफ्तार कर दिया।
बिहार के बेतिया जिले के अहरार पिपरा निवासी मोहम्मद निसार खान तिकोनिया रेलवे फाटक स्थित पेंट की दुकान में कार मैकेनिक है। शनिवार की दोपहर अचानक आत्मदाह का शोर मचाते हुए वह मिट्टी तेल का गैलन लेकर दुकान की छत पर चढ़ गया। सूचना मिलते ही भोटिया पड़ाव चौकी प्रभारी प्रताप सिंह नगरकोटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल उसे पकड़ लिया। निसार खान ने बताया कि उसके गांव में राशन कार्ड बनवाने और बैंक में खाता खोलने के लिए दलाल पैसे लेते हैं। बाढ़ राहत सर्वे में धांधली चल रही है। उसने बेतिया जिले के जिलाधिकारी को भेजे गए शिकायती पत्र भी दिखाए।। पत्र में कई अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की गई है। पुलिस ने उसे बेतिया जाकर अपनी बात रखने की सलाह दी। मेकेनिक का कहना है कि वह नौ साल से हल्द्वानी में रहकर मैकेनिक का काम कर रहा है।
दुकान की छत पर चढ़ गया, आत्मदाह की धमकी
पुलिस ने शांति भंग की आशंका में गिरफ्तार किया
छोड़ने के लिए गिड़गिड़ता रहा
गिरफ्तारी के बाद कोतवाल केआर पांडे के सामने निसार खान छोड़ने की गुहार लगाता रहा। उसने तर्क दिया कि उसके दो छोटे बच्चे हैं। उन्हें कौन खिलाएगा। कोतवाल का कहना था कि वह अपनी नौकरी नहीं गंवाएंगे। अब पुलिस शांति भंग की आशंका में कार्रवाई करेगी।