हल्द्वानी। पुलिस ने गोरापड़ाव में महिला हत्याकांड में एक और युवती का पॉलीग्राफ टेस्ट कराने की तैयारी की है। पुलिस युवती को लेकर बृहस्पतिवार को नैनीताल गई थी। हालांकि उसे अदालत में पेश नहीं कराया जा सका। एक युवक और दो युवतियों का टेस्ट कराने की इजाजत अदालत से पहले ही मिल चुकी है। इस मामले में अभी सीबीआई से टेस्ट कराने की तिथि नहीं मिली है।
गोलापड़ाव क्षेत्र में 26 अगस्त की रात बदमाशों ने महिला के घर में घुसकर हमला बोल दिया था। बदमाशों ने महिला का कत्ल करने के साथ बेटी को अधमरा कर दिया। भौंकने पर कुत्ते को मार डाला। घर से लाइसेंसी बंदूक और स्कूटी लेकर बदमाश चले गए। इस मामले में हाईकोर्ट के निर्देश पर डीआईजी पुष्पक ज्योति के निर्देशन में एसआईटी गठित की गई। डीआईजी ने इस मामले में एसपी सिटी अमित श्रीवास्तव को विवेचक बनाया है। पुलिस की तमाम कोशिशों के बावजूद हत्यारों का पता नहीं चल सका। जिले के चर्चित हत्याकांड मामले में निराशा हाथ लगने पर पुलिस ने पॉलीग्राफ टेस्ट कराने का निर्णय लिया। इस मामले में पुलिस ने चार युवक और युवतियों से पूछताछ की थी। सहमति मिलने पर एक युवक और दो युवतियों को अदालत के समक्ष पेश किया। अदालत ने तीनों का टेस्ट कराने की इजाजत दे दी है। रामपुर रोड की एक अन्य युवती से पुलिस ने पूछताछ के बाद टेस्ट कराने के लिए उसकी सहमति ली। इसी आधार पर पुलिस युवती को पेश कराने के लिए अदालत लेकर गई थी। कोतवाल विक्रम सिंह राठौर का कहना है कि अभी युवती को अदालत में पेश नहीं कराया जा सका।
एक और युवती के पॉलीग्राफ टेस्ट की तैयारी
चर्चित हत्याकांड