हल्द्वानी। पूनम हत्याकांड में एसआईटी ने व्यवसायी के भांजे अंकित बंसल को दिन में छोड़ दिया लेकिन शाम को फिर पूछताछ के लिए बुला लिया। पूछताछ के दौरान अंकित ने पुलिस को अहम जानकारियां दी हैं। पुलिस ने इसी आधार पर एक अन्य युवक को पकड़ा है। इधर पुलिस की दो टीमेें दिल्ली और हरियाणा में डटी हैं।
एसआईटी ने हिरासत में लिए गए सदर बाजार के कपड़ा व्यवसायी के भांजे अंकित बंसल को पूछताछ कर दिन में छोड़ दिया। शाम के समय पुलिस ने फिर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ करना शुरू किया। अंकित ने पुलिस को कुछ संदिग्धों के बारे में जानकारियां दी हैं। अंकित को कई वीडियो फुटेज भी पुलिस ने दिखाए हैं। इसी आधार पर पुलिस ने एक अन्य युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस का मानना है कि अंकित मारी गई पूनम पांडे के संपर्क में रहा है। पुलिस के पास इस मामले में गंभीर साक्ष्य हैं। एसपी सिटी अमित श्रीवास्तव का कहना है कि किसी निर्दोष को इस मामले में नहीं पकड़ा जाएगा। इसी कारण घटना का खुलासा करने में देर हो रही है। पुलिस ने अंकित के परिजनों को भी संतुष्ट किया है कि यदि अंकित गलत होगा तभी पकड़ा जाएगा। इधर पुलिस की एक टीम दिल्ली और दूसरी हरियाणा में मौजूद है। जिला पुलिस इस घटना की गुत्थी सुलझाने के लिए कई बिंदुओं पर काम कर रही है। अभी असली कातिल पुलिस के हत्थे नहीं चढ़े हैं।
पुलिस छापा मारकर अन्य सबूत जुटा रही
दो टीमें दिल्ली और हरियाणा में मौजूद