हल्द्वानी। संधूफार्म निवासी मेडिसिन कंपनी के एरिया मैनेजर भुवन अधिकारी की पत्नी योगिता अधिकारी की आत्महत्या के मामले में कोतवाली पुलिस ने पति सहित चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोप है कि ससुरालियों की प्रताड़ना के चलते योगिता ने आत्महत्या की है।
योगिता अधिकारी (33) ने रविवार की शाम फांसी लगा ली। परिजनों ने महिला की गर्दन पंखे से लटकता देखकर उसे तत्काल उतारा और सुशीला तिवारी लेकर गए लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर योगिता के बिठौरिया स्थित मायके से लोग पुलिस के पास पहुंचे।
भाई किशोेर तिवारी ने आरोप लगाया कि उसकी बहन को पति और ससुराल के लोग काफी दिनों से प्रताड़ित कर रहे थे। घटना के एक दिन पहले उसने फोन कर इस बारे में जानकारी दी थी। कोतवाली पुलिस ने पति भुवन अधिकारी, सास हेमा, ननद विमला और देवर कुंदन के खिलाफ धारा 306 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया।