हल्द्वानी। कठघरिया में शराब पीकर हंगामा कर रहे मजदूर को काठगोदाम पुलिस ने शांतिभंग की आशंका में गिरफ्तार कर लिया। सिटी मजिस्ट्रेट ने उसे जेल भेज दिया। कठघरिया में शराब पीकर टेंपो चालकों से झगड़ा कर रहे मजदूर को थानाध्यक्ष नंदन सिंह रावत ने शनिवार को शांतिभंग की आशंका में गिरफ्तार कर लिया।
पकड़ा गया मजदूर रामपुर जिले के पहाड़ीगेट का मूल निवासी राजेश राठौर है, जो जजफार्म में परिवार के साथ रहकर पांच वर्षों से मजदूरी कर रहा है। शुक्रवार को इसी मजदूर ने बहुउद्देश्यीय भवन के सामने कपड़े उतारकर प्रदर्शन किया था। आरोप लगाया कि दो दिन पहले चार लोगों ने उसे पीटकर घायल कर दिया था लेकिन पुलिस आरोपी ठेकेदार को बचा रही है। पुलिस ने शाम के समय थाने में मजदूर को किसी प्रकार समझा बुझाकर उसे घर भेज दिया था।