हल्द्वानी/रुद्रपुर। भीमताल रोड पर सलड़ी में बृहस्पतिवार रात जलती कार में मिला शव पुरुष का ही था और कत्ल करने के बाद शव को कार में रखकर जलाया गया था। फेफड़ों में कार्बन भी नहीं मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इस बात का खुलासा हुआ है। शरीर पर मिला जींस-पैंट का टुकड़ा वैसी ही जींस का बताया जा रहा है, जैसी अवतार ने पहनी थी। मौके पर मिला सात नंबर के जूते का तला भी अवतार के साथ अनहोनी का इशारा कर रहा है, क्योंकि अवतार भी सात नंबर का जूता पहनता था। शव लापता कार स्वामी अवतार सिंह का है या नहीं, इसकी जांच के लिए पुलिस अवतार सिंह के माता-पिता का डीएनए सैंपल लेने की तैयारी में है। विसरा भी सुरक्षित रख लिया गया है।
बृहस्पतिवार की रात भीमताल थाना क्षेत्र के सलड़ी में एक कार में आग लग गई थी। कार में आग से पूरी तरह जला शव बरामद किया गया था। शुक्रवार को रुद्रपुर के सामिया लेक सिटी निवासी अवतार सिंह के परिजन पुलिस के पास पहुंचे और कार अवतार की होने की आशंका व्यक्त की थी। अब कहा जा रहा है कि जींस का जो टुकड़ा मिला है ऐसी ही जींस अवतार सिंह ने पहनी थी। पुलिस ने अवतार की पत्नी नीलम से इस कपड़े की शिनाख्त कराई थी। अब शिनाख्त कराने के लिए अवतार के पिता गुलजार सिंह और मां नक्षत्रो देवी के ब्लड सैंपल लेकर डीएनए जांच कराई जाएगी।
पुरुष का ही था शव, अवतार या किसी और का खुलासा होना बाकी
जींस-पैंट के टुकड़े, सात नंबर के जूते की तली अवतार के साथ अनहोनी के संकेत, डीएनए जांच कराएगी पुलिस
फोरेंसिक जांच में इस बात की भी पुष्टि हो गई है कि युवक का कत्ल करने के बाद शव को कार में रखकर जलाया गया था। इसके साथ ही मृतक के गले और फेफड़ों में कार्बन और धूल के कण नहीं मिले हैं, जिससे स्पष्ट है कि युवक का कत्ल करने के बाद उसके शव को कार में रखकर जलाया गया है।- डॉ. दयाल शरण, निदेशक विधि विज्ञान प्रयोगशाला, रुद्रपुर
अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट पुलिस को नहीं मिली है। रिपोर्ट के आधार पर ही साफ होगा कि लाश किसकी है। उसकी हत्या की गई है या दुर्घटना है। अवतार के परिजनों ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट की जाएगी। मुकदमे के बाद जांच आगे बढ़ेगी।
सुनील कुमार मीणा, एसएसपी
पैरों की तरफ से ऊपर को लगी है आग
रुद्रपुर। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इस बात का खुलासा हुआ है कि शव पैरों की ओर से ऊपर की ओर जला है। शव के साथ पेट्रोल के केमिकल मिले हैं। शव को जलाने के लिए पेट्रोल डालने के दौरान पेट्रोल जमीन पर गिरा और आग सबसे पहले जमीन पर पड़े पेट्रोल ने पकड़ी। इस कारण आग नीचे से ऊपर की ओर शव को जलाते चली गई।
आत्महत्या नहीं, सुनियोजित कत्ल
रुद्रपुर। सलड़ी क्षेत्र में जलती कार में मृत मिले युवक को सुनियोजित तरीके से मारा गया था। अगर युवक ने खुद आग लगाई होती या उसे जिंदा जलाया गया होता तो आग लगने पर युवक भागता लेकिन कार के बाहर सड़क पर आग की कालिख बिखरी नहीं थी। अब पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि युवक को कार में ही मारा गया या फिर हत्या कहीं और कर शव को कार में रखकर जलाया गया था।
भाई बोला नेगी जी...पूरी तह तक जाना है
हल्द्वानी। अवतार सिंह की कार जलने की जानकारी पर पिता गुलजार सिंह (70 वर्ष), भाई जगतार सिंह निवासी ग्राम घसीटपुर थाना अंबाला कैंट हल्द्वानी पहुंचे। यहां पत्नी नीलम और उसका भाई भी मौजूद थे। रिश्तेदारों का मानना है कि शव अवतार सिंह का है। हालांकि पुलिस डीएनए रिपोर्ट के आधार पर ही पहचान की बात कह रही है। इधर, मेडिकल चौकी प्रभारी कैलाश नेगी को देखकर अवतार के भाई जगतार सिंह बोले...नेगी जी हमें इस मामले में पूरी तह तक जाना है। हम पूरी जांच चाहते हैं। बताया जा रहा है कि अवतार सिंह के परिवार का अंबाला के आसपास खासा रुतबा है। पिता किसान हैं।
15-20 दिन पहले अवतार गए थे अंबाला और गुरुग्राम
हल्द्वानी। परिजनों के अनुसार अवतार 15-20 दिन पहले अकेले अंबाला गए थे। गुरुग्राम में भी मैन पॉवर सप्लाई का कारोबार होने के कारण वह वहां भी गए थे। भाई जगतार सिंह ने बताया कि कारोबार के कारण उनका गुरुग्राम और अंबाला हमेशा आना-जाना लगा रहता था। भाई ने बताया कि उनका भी प्रॉपर्टी का कारोबार है।
तीन थानों की पुलिस और एसओजी जांच में लगी
हल्द्वानी। कार में जली हुई लाश का रहस्य सुलझाने के लिए तीन थानों की पुलिस और एसओजी लगी है। काठगोदाम, भीमताल पुलिस दो दिन से जांच कर रही थी। शनिवार को हल्द्वानी के इंस्पेक्टर विक्रम राठौर को भी जांच में लगाया गया।
दो बार पहले भी पत्नी को हल्द्वानी छोड़कर पहाड़ गया था अवतार
भीमताल (नैनीताल)। अवतार सिंह की पत्नी नीलम चौधरी ने पुलिस को बताया कि इससे पहले भी दो बार हल्द्वानी आने पर उनके पति अवतार सिंह उसे हल्द्वानी छोड़ पहाड़ में जरूरी काम होने की बात कहकर पहाड़ गए थे। नीलम के अनुसार पति जरूरी काम होने की बात कहते थे। अब सवाल यह उठता है कि अवतार सिंह पहाड़ क्यों आते थे? हालांकि यह भी बात सामने आई थी कि वह पहाड़ में कोई कारोबार शुरू करना चाहते थे।
6:15 बजे तक लगी थी भुट्टे की दुकान
भीमताल (नैनीताल)। सलड़ी में बृहस्पतिवार की रात जहां कार में लाश को जलाया गया वहां एक भुट्टे की दुकान भी लगती है। स्थानीय निवासी दया किशन ने 16 मई की शाम 6:15 बजे तक भुट्टे की दुकान लगाई थी। उस दिन मौसम खराब होने के चलते उसने दुकान जल्द बंद कर दी थी। डेढ़ घंटे बाद आठ बजे लोगों ने कार में आग लगी दिखी।
भीमताल पुलिस ने देखे सीसीटीवी
भीमताल (नैनीताल)। शनिवार को एसआई मनवर सिंह ने सलड़ी में पहुंचकर हिल व्यू होटल, बोहराकून और तल्लीताल बाजार में सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी लेकिन दो जगह सीसीटीवी कैमरों खराब मिले। एसआई ने बताया कि पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है।
कार के पास से मिले थे पेट्रोल के डिब्बे
भीमताल (नैनीताल)। सलड़ी में 16 मई को सड़क किनारे जिस कार में आग में आग लगाई गई उसके पास कुछ डिब्बे मिलने की चर्चा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक कार से थोड़ी दूर पेट्रोल के डिब्बे मिले हैं। माना जा रहा है कि इन डिब्बों में पेट्रोल लाकर कार में डालकर जलाया गया। हालांकि पुलिस पेट्रोल के डिब्बे मिलने की बात से इनकार कर रही है।
आखिर घटना से पहले फोन पर किससे हुई थी अवतार की झड़प
अवतार की पत्नी ने उसके दोस्त को बताई झड़प होने की बात
रुद्रपुर। भीमताल रोड के सलड़ी में जलती कार में मिला शव किस व्यक्ति का है, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई। घटना के करीब सवा दो घंटे पहले से लापता चल रहे कार स्वामी अवतार सिंह की फोन से किससे झड़प हुई थी, यह भी रहस्य बना हुआ है। घर पहुंचने के बाद अवतार की पत्नी नीलम ने अवतार के एक दोस्त को किसी से फोन पर अवतार के झड़प होने की बात बताई है।
बृहस्पतिवार को अवतार सिंह पत्नी नीलम को लेकर हल्द्वानी गया था। यहां नीलम को डॉक्टर को दिखाने के बाद जब अवतार घर वापसी करने लगा तो करीब 5:30 बजे उसके मोबाइल पर एक फोन आया। फोन पर ही अवतार की कॉल करने वाले से झड़प हो गई। नीलम के अनुसार इसके बाद अवतार ने करीब पौने छह बजे उसे उसे रुद्रपुर जाने के लिए बस स्टेशन पर छोड़ा और खुद पहाड़ जाने की बात कह कर निकल गया। इधर, कुछ लोगों का यह भी कहना है कि घटना वाले दिन रुद्रपुर से निकलने के दौरान नीलम कार चला रही थी और अवतार उसकी बगल वाली सीट पर बैठा था। नीलम के पास खुद की एक कार भी है, जो कुछ समय पूर्व ही अवतार ने उसे जन्मदिन पर गिफ्ट की थी।
अवतार भी पहनता है सात नंबर का जूता
पुलिस को मौका ए वारदात से सात नंबर के जूते का तला मिला है। इधर, अवतार के पारिवारिक मित्रों से मिली जानकारी में सामने आया है कि अवतार सिंह चमड़े का जूता सात नंबर का और स्पोस्टर्स शूज आठ नंबर का पहनता है।