हल्द्वानी। चोरगलिया रोड पर अवैध खनिज भंडारण की सूचना पर छापा मारने गई वन विभाग की टीम को अराजक तत्वों ने घेर लिया। अराजक तत्वों ने वन विभाग टीम के साथ अभद्रता की। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने वन कर्मियों को बचाया। वन विभाग की टीम अवैध खनिज को बिना जब्त किए बैरंग लौट आई।
वन विभाग को चोरगलिया रोड पर अवैध भंडारण की सूचना मिली थी, यहां पर बुग्गियों के जरिए खनिज एकत्र कर जमा किया गया था। इसके बाद तराई पूर्वी वन प्रभाग की गौला रेंज की 25 सदस्यीय टीम ने वन क्षेत्राधिकारी गणेश त्रिपाठी के निर्देशन में छापा मारा। टीम ने जैसे ही अवैध भंडारण को जब्त करने की कार्रवाई शुरू की, उसी वक्त बड़ी संख्या में पहुंचे अराजक तत्वों ने टीम को घेर अभद्रता शुरू कर दी। बड़ी संख्या में वन कर्मी होने के बाद भी टीम कुछ भी नहीं कर सकी। घेराव करने वालों में बड़ी संख्या महिलाएं भी थी। वन क्षेत्राधिकारी के अनुसार बाद में मामले की सूचना पुलिस को दी गई थी, इसके बाद पुलिस ने मौके से टीम को निकाला। घेराव के चलते टीम मौके से अवैध खनिज को जब्त नहीं कर सकी है। मामले में कार्रवाई की जा रही है।