हल्द्वानी। ट्रेनों से माल लाने में टैक्स चोरी के खेल में रेलवे की मिलीभगत जांच करने बरेली से टीम पहुंची। मंडलीय कार्यालय से आए डिविजनल कॉमर्शियल इंस्पेक्टर मुकेश गुप्ता ने पार्सल घर में दस्तावेजों की जांच की। अब वह रिपोर्ट आला अधिकारियों को सौंपेंगे।
काठगोदाम स्टेशन पर दिल्ली से आने वाली ट्रेनों से माल आता है। रेल के नियमानुसार जिस कारोबारी का नाम बिल्टी पर होता है, उसकी पहचान प्रमाण दस्तावेज, 50 हजार से कम का होने पर शपथ पत्र देना होता है। 50 हजार से अधिक का माल होने पर ई-वे बिल का उपयोग होता है। कई कारोबारियों का माल एक ही आईडी पर उठाकर बाद में सप्लाई किया जाता है। डीआरएम दफ्तर के डीएसआई मुकेश गुप्ता मामले की जांच करने शनिवार को पहुंचे। उन्होंने पार्सल घर में जाकर पुरानी बिल्टियों को छुड़ाने में लिए जाने वाले दस्तावेजों का रिकॉर्ड, आईडी वगैरह दस्तावेजों की जांच की। बेहद गोपनीय ढंग से टीम के पहुंचने पर अफसरों में खलबली मच गई। सूत्रों की मानें तो रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी।