हल्द्वानी। टांडा जंगल में एस मोड़ पर शनिवार करीब रात डेढ़ बजे तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार चार युवकों को रौंद दिया। दो की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो अन्य घायल हो गए। उन्हें सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भाग गया। मुकदमा दर्ज नहीं होने के कारण पुलिस ने ट्रक की खोजबीन का प्रयास भी नहीं किया।
ऊधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर आदर्श नगर वार्ड 13 निवासी ट्रांसपोर्टर नंदा बल्लभ जोशी का 21 वर्षीय बेटा गोविंद जोशी उर्फ गोलू अपने पड़ोसी 19 वर्षीय पीयूष सिंह पुत्र पूरन सिंह के साथ शनिवार देर शाम घर से निकला था। दोनों ने घर वालों से कहा कि वे हल्द्वानी गणेश महोत्सव देखने जा रहे हैं। उनके साथ आदर्श नगर निवासी तन्मय और केलाखेड़ा निवासी जमील भी हल्द्वानी जाने को तैयार हो गए। हल्द्वानी से लौटते समय एक स्कूटी में गोविंद व पीयूष जबकि दूसरी में तन्मय और जमील थे। टांडा जंगल के एस मोड़ पर पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने गोविंद और पीयूष की स्कूटी को रौंद दिया। दोनों सड़क पर गिर गए। ट्रक ने तन्मय और जमील को भी टक्कर मार दी। रास्ते से गुजर रहे टैक्सी चालकों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद 108 नंबर एंबुलेंस चारों को सुशीला तिवारी अस्पताल ले आई जहां डॉक्टरों ने गोविंद और पीयूष को मृत घोषित कर दिया। मेडिकल चौकी पुलिस के अनुसार गोविंद दो भाइयों में छोटा था। पीयूष सिंह इकलौता बेटा था। उसकी एक बहन है। घायल तन्मय और जमील इलाज कराने के बाद घर चले गए। कोतवाली पुलिस का कहना है कि अभी तक किसी ने तहरीर नहीं दी है।