हल्द्वानी। झांसा देकर दो युवतियों से शादी करने वाली लड़की कृष्णा सेन ने अपने करीबियों को नहीं बख्शा। अवसर मिलने के बाद करीबियों के साथ ठगी की लेकिन सभी लोग रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए सामने नहीं आए हैं। पुलिस जांच के दौरान शक के दायरे में आए रिश्तेदारों ने घर छोड़ दिया है।
बिजनौर जिले के धामपुर की रहने वाली कृष्णा सेन (24) इंटर तक पढ़ी है लेकिन उसने डबल एमए उत्तीर्ण चांदमारी काठगोदाम निवासी युवती को झांसा देकर शादी की। काठगोदाम की युवती की मां ने पांच लाख रुपये कर्ज लेकर शादी की थी। उसे साढ़े आठ लाख का चूना लगा है। कालाढूंगी की युवती से उसने शादी की थी लेकिन उसके पास पैसे नहीं थे। जेल जाने से पहले कृष्णा की हेकड़ी कम नहीं हुई थी। वह कह रही थी कि वह पति धर्म निभाएगी। दाढ़ी उगाने के लिए उसने रेजर से खुरचा भी था। जब उसे जेल भेजने की तैयारी होने लगी तो वह टूट गई। जांच से पता चला कि वह 2014 से मुखानी क्षेत्र में रहकर ठगी का जाल बुनने लगी थी। वह अपनी मां और बहन के साथ रहती थी। कृष्णा अपने भाई के करीबियों को भी चूना लगा चुकी है। अब पुलिस उसकी मां को बयान के लिए ढूंढ रही है। पुलिस के आने की भनक मिलने पर बिजनौर के कुछ रिश्तेदार भी घर छोड़कर गायब हो गए हैं। एसएसपी जन्मेजय खंडूरी का कहना है कि इस मामले में विवेचक मंजू ज्याला जांच कर सबूत इकट्ठा कर रही है। उच्चाधिकारी विवेचना में हस्तक्षेप नहीं करते हैं। अन्य आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।