कंकरखेड़ा (मेरठ)। एक वृद्ध ने थाना कंकरखेड़ा में जमकर हंगामा किया। खुद को सेना में मेजर बताकर पूरे थाने को सस्पेंड कराने की धमकी दे दी। सेना पुलिस ने भी थाने पहुंचकर उनसे पूछताछ की। काफी देर बाद पता चला कि यह वृद्ध रिटायर्ड डीएसपी हैं और इनका पुत्र सेना में अधिकारी है। मानसिक स्थिति ठीक न होने पर वे नोएडा से मेरठ पहुंच गए थे। पुलिस ने वृद्ध को परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
ये था मामला
यूपी 100 पुलिस को रविवार रात सूचना मिली थी कि कंकरखेड़ा के साधुनगर के एक मैदान में एक वृद्ध द्वारा शोर मचाया जा रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस करीब 85 वर्षीय वृद्ध को थाने ले गई थी। थाने में जब पुलिसकर्मियों ने वृद्ध की तलाशी लेने का प्रयास किया तो वृद्ध ने कहा कि ‘आई एम द मेजर ऑफ हिंदुस्तान आर्मी, डू नॉट टच मी’। अगर किसी ने हाथ लगाया तो पूरे थाने को सस्पेंड करा दूंगा। बड़े-बड़े अधिकारी मुझे सैल्यूट करते हैं। पुलिस को मामला संदिग्ध लगा तो सेना को सूचना दे दी गई।
नहीं बता पाए पहचान
थाने पहुंची सेना पुलिस ने वृद्ध से काफी पूछताछ की। लेकिन वृद्ध अपनी कोई पहचान नहीं बता पाए। सैनिकों ने जब वृद्ध से पूछा कि जब आप आर्मी में मेजर रहे हैं तो आपने कहां-कहां पर लड़ाइयां लड़ीं तो वृद्ध ने जवाब दिया कि पूरे वर्ल्ड में लड़ाइयां लड़ीं। उसके बाद सेना पुलिस वृद्ध का सही पता न लगने तक हिरासत में रखने की बात कहकर चली गई।
जेब से मिले कागज से पहचान
इंस्पेक्टर कंकरखेड़ा दीपक शर्मा के अनुसार वृद्ध की जेब से कुछ कागज मिले। जिन पर लिखे मोबाइल्स नंबरों पर संपर्क किया गया तो उनकी पहचान नोएडा निवासी के रूप में हुई। पता चला कि वृद्ध मानसिक रुप से स्वस्थ नहीं हैं और बिना बताए घर से निकल गए थे। वह पुलिस विभाग से रिटायर्ड डिप्टी एसपी हैं। उनका बेटा सेना में अधिकारी है। इनकी तलाश कर रहे परिजन देर रात ही थाने पहुंच गए थे। इंस्पेक्टर के अनुसार वृद्ध को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
खास बातें:
नोएडा से कंकरखेड़ा पहुंचे रिटायर्ड डीएसपी, खुद को बताया मेजर
सेना पुलिस ने की पूछताछ, पता चला कि इनके पुत्र हैं सेना में अधिकारी