हल्द्वानी। नवागत एसपी अपराध और यातायात रचिता सुयाल ने सीपीयू को स्ट्रीट क्राइम पर नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने थानाध्यक्षों को भी सीपीयू से तालमेल बनाकर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में मदद लेने की सलाह दी है।
एसपी (अपराध एवं यातायात) ने बहुउद्देशीय भवन में शुक्रवार को अपराध और यातायात की समीक्षा बैठक की। बताया कि सीपीयू को स्कूल और बैंकों के इर्द गिर्द चेकिंग करनी होगी। छात्राओं के साथ छेड़खानी, चेन स्नैचिंग की वारदातों को रोकने में सीपीयू अहम भूमिका निभा सकती है। मनचलों पर सीपीयू पैनी नजर रखेगी। एसपी ने थानाध्यक्षों को सलाह दी कि वे सीपीयू के साथ तालमेल बनाकर काम करें। उन्होंने बताया कि एक सप्ताह में सीपीयू के पैटर्न को बदला जाएगा। थानाध्यक्षों को एसपी ने गहराई से किसी घटना के संदर्भ में जांच करने की सलाह दी है। उन्होंने यातायात निरीक्षक को नए पार्किंग के स्थलों को चिन्हित करने के निर्देश दिए। बताया कि अतिक्रमण करने वालों को पहले एक सप्ताह का नोटिस दिया जाएगा, इसके बाद यातायात विभाग अतिक्रमण करने वालों पर कार्रवाई करेगा। बैठक में यातायात निरीक्षक महेश चंद्रा, सीपीयू प्रभारी हरकेश सिंह, काठगोदाम थानाध्यक्ष कमाल हसन, मुखानी थानाध्यक्ष नंदन सिंह रावत, बनभूलपुरा थानाध्यक्ष दिनेश नाथ महंत, एलआईयू निरीक्षक आदि थे।
मनचलों की खैर नहीं : रचिता
नवागत एसपी अपराध और यातायात ने सीपीयू को दिए स्कूल और बैंकों के इर्द गिर्द चेकिंग करने के निर्देश
एक सप्ताह बाद सीपीयू के पैटर्न में होगा बदलाव
अतिक्रमण करने वालों को एक सप्ताह का नोटिस दिया जाएगा