खून से सना बर्थडे केक, गिफ्ट
भाई बहन के शवों को देखकर डबडबा गई आंखें
अमर उजाला ब्यूरो
नंधौर वैली (नैनीताल)।
बाजार में भाई और बहन की मौत के बाद घटनास्थल को देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ टूट पड़ी। रोड पर सिर्फ खून से सना बर्थडे केक और गिफ्ट बिखरे पड़े थे। किसान पिता का इकलौता चिराग बुझने से गांव ही नहीं बाजार के लोगों की आंखों से आंसू टपकने लगे। काल ने ऐसा क्रूर खेल खेला कि भाई के साथ बड़ी बहन भी दुनिया से चली गई।
पचुआखेड़ा आमखेड़ा के रहने वाले प्रतिष्ठित किसान मोहन सिंह बिष्ट ने अपने इकलौते का जन्मदिन मनाने के लिए काफी तैयारी की थी। रिश्तेदारों समेत पड़ोसी भी घर आए थे। लोगों को इंतजार था सिर्फ बर्थडे ब्वॉय लाडले भास्कर के आने का। साढ़े आठ बजे बेटा तो नहीं आया लेकिन उसके घायल होने की खबर आ गई। दुर्घटना की सूचना ने सभी के दिलों को झकझोर रख दिया। रोती ही मां और पिता घटनास्थल पर दौड़े तो सब कुछ समाप्त हो गया था। लोगों को उम्मीद थी कि शायद अस्पताल में परिवार का लाडला बच जाए लेकिन लाडले बेटे के साथ लाडली बेटी को भी डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। दोनों शवों को देखकर पिता के साथ अन्य लोग बदहवास हो गए। किसी को कुछ सुझाई नहीं दे रहा था। अस्पताल से दोनों शवों को देख अन्य लोगों की आंखें भी नम हो गईं। लोगों का कहना था कि एक पिता के लिए इससे बड़ा कष्ट कुछ नहीं होगा। पिता को गांव के लोगों ने संभाला। इधर गांव में दोनों के मौत की खबर फैलते ही मातम छा गया। चीत्कार से गांव के लोग गमगीन हो गए। लोग घटना करने वालों की तलाश कर रहे हैं। सड़क हादसे को लेकर लोगों में गुस्सा है।