हल्द्वानी। उत्तर प्रदेश में कार्यरत एएसपी प्रवीण सिंह चौहान अब उत्तराखंड में नहीं आएंगे। केंद्र ने एएसपी के तबादले को नियम विरुद्ध करार दिया है। शासन के इस आदेश की जानकारी मिलने पर पीपीएस एसोसिएशन से जुड़े अधिकारी काफी खुश हो गए हैं।
उत्तराखंड पीपीएस एसोसिएशन को जानकारी मिली थी कि उत्तर प्रदेश में तैनात एएसपी प्रवीण सिंह चौहान उत्तराखंड आएंगे। इस मामले को लेकर एसोसिएशन से जुड़े अधिकारी नाराज थे। एसोसिएशन का तर्क था कि प्रवीण सिंह चौहान के आने से प्रदेश की पदोन्नति प्रक्रिया बाधित हो जाएगी। यह तबादला नियम विरुद्ध है। पदोन्नति का इंतजार कर रहे अधिकारी पीछे हो जाएंगे। केंद्रीय कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय में अवर सचिव आर वेंकटेसन ने तीन अप्रैल को गृह विभाग के प्रधान सचिव आनंद बर्धन को पत्र भेजकर अवगत कराया कि चयन प्रक्रिया राज्यों के विभाजन से पहले शुरू हो गई थी। उस समय नियत तिथि नौ नवंबर 2000 से प्रवीण सेवा में नहीं थे। इस कारण प्रवीण सिंह चौहान इस अधिनियम के तहत आवंटन के पात्र नहीं हैं।