हल्द्वानी। बरेली रोड पर स्थित एक गांव में डेढ़ महीने पहले हुए चर्चित हत्याकांड मामले में अब तक पुलिस के हाथ खाली हैं। मामले के खुलासे के लिए पुलिस ने काफी हाथपांव मारे, लेकिन नतीजा सिफर ही रहा। एक बार फिर एडीजी लॉ एंड आर्डर अशोक कुमार ने हल्द्वानी पहुंचकर इस मामले में हत्याकांड की एकमात्र गवाह रही महिला की बेटी से करीब 40 मिनट तक पूछताछ की गई। पूछताछ के आधार पर जो बातें छनकर आ रही हैं, उसके मुताबिक शक के दायरे में महिला के अपने भी हैं।
27 अगस्त को बरेली रोड स्थित एक गांव में एक महिला की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। हत्यारों ने उसकी बेटी को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इलाज के बाद घायल युवती अब अपने घर पर है। शनिवार सुबह 9:30 बजे एडीजी लॉ एंड आर्डर अशोक कुमार, आईजी पूरन सिंह रावत, एसएसपी जन्मेजय खंडूरी और एसपी सिटी अमित श्रीवास्तव महिला के घर पहुंचे। एडीजी ने करीब 40 मिनट तक महिला की बेटी से पूछताछ की। इसके बाद करीब पांच मिनट तक महिला के पति से भी बात की। एडीजी के मुताबिक उन्होंने युवती से पूछताछ की, लेकिन अभी कुछ ऐसा हाथ नहीं लगा है, जिससे हत्याकांड का खुलासा हो जाए। हालांकि उन्होंने उम्मीद जताई कि पुलिस जल्द ही हत्याकांड का खुलासा कर देगी। उन्होंने कहा कि युवती को अपनों पर भी हत्याकांड में शामिल होने का शक है। पुलिस कुछ और एंगल से मामले की जांच कर रही है।