भीमताल (नैनीताल)। इनोवा कार में सवार होकर सितारगंज से भीमताल घूमने पहुंचे युवकों को सड़क किनारे वाहन खड़ा करना भारी पड़ गया। वाहन हटाने को लेकर आपस में हुए विवाद में सितारगंज के तीन युवकों की जमकर पिटाई हो गई। इन युवकों को पुलिस द्वारा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां एक युवक के सिर में ज्यादा चोट आने पर डॉक्टरों ने सीटी स्कैन के लिए हल्द्वानी रेफर कर दिया जबकि अन्य दो लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
पुलिस के मुताबिक डांठ की ओर जाने वाले मार्ग पर मिशन स्कूल के नीचे बोट स्टैंड बनाया गया है। रविवार शाम सितारगंज से पहुंचे नवीस खान (26) पुत्र फुरकान, मो. फैजान (25) पुत्र राशिद, मुजाहिद (24) पुत्र फुरकान ने मिशन स्कूल में सड़क किनारे वाहन खड़ा किया। इसी बीच जाम लगने पर स्थानीय लोगों ने युवकों से वाहन हटाने को कहा तो सितारगंज के युवकों की स्थानीय युवकों से बहस हो गई। बहस के बढ़ते ही दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। इस पर 10 से अधिक स्थानीय युवकों ने तीनों युवकों की जमकर पिटाई कर दी जबकि किसी ने मो. फैजान के सिर पर पत्थर मार दिया। इससे फैजान का माथा फट गया। झगड़े की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने मो. फैजान के सिर में तीन टांके लगाकर उसे सीटी स्कैन के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। साथ ही नवीस, मुजाहिद को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी। पुलिस ने मिशन स्कूल के नीचे बने बोट स्टैंड को बंद करा दिया है। पुलिस के मुताबिक घायलों ने कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर सभी आरोपियों पर कानूनी कार्रवाई होगी। इधर स्थानीय युवकों ने बताया कि सितारगंज से आए युवकों ने शराब पी थी। लोगों से बदतमीजी करने पर हाथापाई हुई। लोगों ने पुलिस से शहर का माहौल खराब करने वाले लोगों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। डांठ मार्ग पर पार्किंग रोकने की भी मांग की है।
सितारगंज से भीमताल घूमने पहुंचे युवकों को सड़क किनारे वाहन खड़ा करना भारी पड़ा
तीन घायल युवकों में से एक युवक को हायर सेंटर रेफर किया
पुलिस ने मिशन स्कूल के नीचे बने बोट स्टैंड को बंद करा दिया