चरवा। क्षेत्र के काजू गांव में रविवार दोपहर एक नशेड़ी ने शिव मंदिर की मूर्ति तोड़ डाली। रामायण का पाठ कर रहे श्रद्धालुओं से भी उसने अभद्रता की। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। इंस्पेक्टर के मुताबिक तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
काजू गांव में भगवान शंकर का मंदिर है। रविवार यहां श्री रामचरित मानस का पाठ हो रहा था। तभी गांव का ही एक युवक नशे में धुत होकर पहुंचा और पाठ कर रहे लोगों को अपशब्द कहने लगा। विरोध करने पर उसने पथराव कर दिया। इस दौरान लोग जान बचाकर किसी तरह भाग खड़े हुए। आरोप है कि इसके बाद नशेड़ी ने मंदिर में नंदी महाराज का मूर्ति तोड़ दी। सूचना पाकर पहुंची यूपी-100 पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चरवा कोतवाली के हवाले कर दिया। मामले में चरवा इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार सिंह का कहना है कि मंदिर के पुजारी ने फिलहाल तहरीर नहीं दी है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी। मंदिर में सुरक्षा की दृष्टि से एक दरोगा व दो सिपाहियों की ड्यूटी लगा दी गई है। रामायण का पाठ भी आरंभ करा दिया गया है।