कालाढूंगी (नैनीताल)। थानाक्षेत्र के ग्राम बजूनियाहल्दू में बिजली लाइन में कार्य करने के दौरान करंट लगने से हुई मौत के मामले में ऊर्जा निगम के ठेकेदार सहित दो अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
ग्राम बजूनियाहल्दू निवासी खीमानंद पुत्र रमेश चंद्र ने थाने में तहरीर दी। बताया कि उसका बड़ा भाई प्रेमप्रकाश आर्य 10 साल से कोटाबाग क्षेत्र में ठेकेदारी प्रथा के तहत बिजली का लाइनमैन था। वह 11 अप्रैल को लाइन में शटडाउन लेकर कार्य कर रहा था। आरोप है कि विभागीय ठेकेदार बालम सिंह मेहरा, भोला दत्त, दीपक की लापरवाही के चलते आए करंट की चपेट में आकर प्रेमप्रकाश घायल हो गया। हल्द्वानी के निजी अस्पताल में उपचार के बाद उसे दिल्ली रेफर किया गया लेकिन 15 अप्रैल की शाम उसने दम तोड़ दिया। थानाध्यक्ष शांति प्रसाद गंगवार ने बताया कि तहरीर के आधार पर तीनों के खिलाफ धारा 304ए के तहत नामजद मुकदमा दर्ज किया गया। कोटाबाग पुलिस चौकी के एसआई मुनव्वर हुसैन को जांच सौंपी गई है।
करंट से हुई मौत पर तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
करंट लगने से दूधारु भैंस की मौत
हल्दूचौड़ (नैनीताल)। यहां महावीर औद्योगिक आस्थान मोटाहल्दू की केला फैक्ट्री में लगे विद्युत ट्रांसफार्मर से करंट फैल गया। इसकी चपेट में आकर जीवन चंद्र बिरखानी की दुधारु भैंस की मृत्यु हो गई। जीवन ने पुलिस को दी तहरीर में कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इसमें ऊर्जा निगम और केला फैक्ट्री प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने मृत जानवर का पोस्टमार्टम कराने को कहा है। यूपीसीएल के जेई पुष्कर सिंह मेहरा ने कहा कि चारा चरते समय खुजली मिटाने के लिए भैंस ने अर्थिंग का तार हिला दिया होगा।