हल्द्वानी। शिकायतें मिलने पर प्रशासन ने शहर में संचालित ब्यूटी पार्लरों और स्पा सेंटरों की जांच के निर्देश दिए हैं। कोतवाल समेत तीन थानाध्यक्षों को शहर और आसपास के क्षेत्रों में संचालित ब्यूटी पार्लरों व स्पा सेंटरों की जांच करने को कहा गया है। प्रशासन 24 से लेकर 27 दिसंबर तक ब्यूटी पार्लरों व स्पा सेंटरों के स्वामियों की बैठक बुलाई है।
नगर मजिस्ट्रेट पंकज उपाध्याय ने बताया कि कुछ समय से ब्यूटी पार्लरों और स्पा सेंटरों की कार्यप्रणाली को लेकर शिकायतें मिल रही हैं। इसे देखते हुए इनकी जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं। नगर मजिस्ट्रेट उपाध्याय की ओर से कोतवाल समेत बनभूलपुरा, काठगोदाम और मुखानी के थानाध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि वे ब्यूटी पार्लरों व स्पा सेंटरों की जांच कर उनके स्वामी का नाम, पता, कार्यरत स्टाफ का नाम पता और उनके सत्यापन की स्थिति, सेंटरों में सीसीटीवी की स्थिति, सेंटरों में संचालित हो रही गतिविधियों का विवरण व सेंटर का भौतिक सत्यापन करें। उपाध्याय ने बताया कि 24 दिसंबर को कोतवाली में, 25 दिसंबर को थाना बनभूलपुरा में, 26 दिसंबर को थाना काठगोदाम में और 27 दिसंबर को थाना मुखानी में सेंटर मालिकों के साथ बैठक की जाएगी।
ब्यूटी पार्लरों और स्पा सेंटरों की जांच होगी
शिकायत के आधार पर नगर मजिस्ट्रेट ने पुलिस को जारी किए निर्देश
24 से 27 तक सेंटर मालिकों के साथ होंगी बैठकें