हल्द्वानी। नैनीताल रोड से प्रेम टाकीज जाने वाले मार्ग पर सड़क धंसने की परेशानी जनता को झेलनी होगी। प्रशासन और नगर निगम भले सड़क धंसने के लिए जिम्मेदार व्यक्ति पर कार्रवाई नहीं कर सका हो, पर उसने भारी वाहनों के लिए रास्ता जरूर बंद कर दिया है। भारी वाहनों के लिए रास्ता बंद करने के पीछे धंसाव और सुरक्षा का हवाला दिया जा रहा है। जिला प्रशासन के निर्देश पुलिस ने बैरिकेडिंग लगा दी है।
नैनीताल रोड से प्रेम टाकीज जाने वाली सड़क का फुटपाथ 27 सितंबर रात टूटकर निर्माणाधीन कांप्लेक्स के गड्ढे में गिर गया था। सड़क धंसने के पीछे कांपलेक्स का निर्माण कार्य बताया जा रहा है। इसके बाद भी स्थानीय प्रशासन, नगर निगम ने मार्ग की सुध नहीं ली और एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाते रहे। जिलाधिकारी ने इसका संज्ञान लिया था। उन्होंने इस पर अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
रविवार को सिटी मजिस्ट्रेट ने पुलिस को इस मार्ग में बैरिकेडिंग लगाने के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने सड़क के दोनों ओर बैरिकेडिंग लगाकर भारी वाहन और बसों के लिए इसे प्रतिबंधित कर दिया है। सिटी मजिस्ट्रेट पंकज उपाध्याय ने बताया कि नगर निगम को इस मामले में कार्रवाई करनी है।
पुलिस ने प्रेम सिनेमा के पास लगाई बैरीकेडिंग
अभी तक सड़क धंसने के लिए जिम्मेदार लोगों पर नहीं हुई कार्रवाई