रानीखेत (अल्मोड़ा)। शराब पीकर उत्पात मचा रहे दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दोनों युवक दिल्ली से रानीखेत पहुंचे और यहां से रक्षा बंधन पर उन्हें अपने अपने गांव के लिए जाना था, लेकिन इससे पहले ही वह लोग टल्ली हो गए और बाजार में हंगामा करने लगे। इसी बीच पहुंची पुलिस टीम ने दोनों को पकड़ा और थाने ले गई बाद में 81 पुलिस एक्ट के तहत दोनों का चालान काट दिया।
रक्षा बंधन पर्व के लिए दिल्ली से अपने गांव सराईखेत और ताड़ीखेत जा रहे दो युवक रानीखेत में नशे में टल्ली हो गए और बाजार में गाली गलौच और हंगामा करने लगे। बताया गया है कि इस दौरान कई लोगों से वह बिना बात के उलझते रहे। सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस के अनुसार संदीप सिंह रौतेला और केवल सिंह रावत दिल्ली से पहुंचे थे, दोनों बाजार में हंगामा कर रहे थे।
उन्हें कोतवाली लाया गया, जहां उनका मेडिकल कराया गया। दोनों इतने टल्ली थे कि अपने गांव का नाम भी ढंग से नहीं बता पा रहे थे। बाद में दोनों को 81 पुलिस एक्ट में चालान काटकर छोड़ दिया गया। पकड़ने वाली पुलिस टीम में एसआई मैरी पीटर, योगेंद्र प्रसाद, मनोज रावत, मो. यासीन सहित तमाम लोग शामिल थे।