हल्द्वानी। टीपीनगर में दुकान खोलने गया स्पेयर पार्ट्स व्यवसायी तीन दिन से लापता है। पुलिस को उसकी अंतिम लोकेशन बरेली रोड तक मिली है। उसके घर वाले परेशान हैं। कोतवाली पुलिस तलाश करने की बात कह रही है।
कोहली गार्डन भोटिया पड़ाव निवासी सरदार गुरमीत सिंह कोहली की टीपीनगर में स्पेयर पार्ट्स की दुकान है। शनिवार सुबह वह घर से दुकान के लिए निकला था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर उसके पिता सरदार भगवंत सिंह कोहली ने घटना की जानकारी भोटिया पड़ाव पुलिस को दी। भोटिया चौकी प्रभारी प्रताप सिंह नगरकोटी ने बताया कि व्यवसायी एक बार पहले भी गायब हुआ था लेकिन लौटकर घर चला आया था। इस मामले में टीपीनगर चौकी प्रभारी विजय मेहता ने बताया कि शामन को व्यवसायी अपने दोस्तों के साथ बीयर बार में बैठा था। अभी मोबाइल स्विच ऑफ चल रहा है।
युवती लापता, युवक पर शक
हल्द्वानी। मल्ली बमौरी की रहने वाली युवती तीन दिन पहले लापता हो गई। उसके पिता ने मुखानी पुलिस को अवगत कराया है। शक है कि एक युवक युवती को बहला फुसलाकर भगा ले गया है। युवती घरों में काम करती है। 27 जनवरी को वह काम करने के लिए घर से निकली लेकिन देर रात तक घर लौटकर नहीं आई तो परिजन उसे ढूंढने लगे। थानाध्यक्ष कमाल हसन का कहना है कि पुलिस टीम लगाई गई है।