रामनगर (नैनीताल)। चोर ने दिनदहाड़े एक मकान में घुसकर चोरी कर ली। उसके बाद वह दूसरे मकान में घुस गया, जहां मकान मालिक ने उसे पकड़ लिया। उसकी जमकर धुनाई की गई और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उससे चोरी का माल बरामद कर लिया। उसके खिलाफ केस दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया।
कोसी रोड स्थित अभिषेक शर्मा के मकान में बुधवार को एक चोर घुस गया। चोर मंदिर से एक छोटी पीतल की मूर्ति, सिंहासन और 330 रुपये चोरी कर ले गया। उसके बाद चोर पड़ोसी राजेश बंसल के मकान में घुसा तो वहां पर उसे राजेश ने पकड़ लिया।
उसकी जमकर धुनाई की गई, शोर सुनकर अभिषेक शर्मा भी बाहर आए। चोर के पास मिली मूर्ति और सिंहासन देखकर उन्हें पता लगा कि उनके मकान में भी चोरी हो गई। आरोपी की जमकर धुनाई करने के बाद उसे पुलिस को सौंप दिया गया।
पुलिस आरोपी को पकड़कर थाने ले आई। अभिषेक शर्मा की तहरीर पर आरोपी इस्लाम उर्फ मोनू निवासी खताड़ी के खिलाफ धारा 454, 380, 411 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। न्यायालय में पेश कर उसे जेल भेज दिया गया। एसएसआई कश्मीर सिंह ने बताया कि आरोपी नशेड़ी है।