हल्द्वानी। रोडवेज स्थित बीएसएनएल कार्यालय में शुक्रवार दोपहर दिनदहाड़े उचक्कों ने एक महिला के पास 17 हजार रुपयों से भरी पॉलिथीन पार कर दी। महिला अपने पति का वेतन बैंक से निकालकर घर जाने की तैयारी में थी। पति की मेहनत की कमाई गंवाने के बाद महिला का कोतवाली में रो-रोकर बुरा हाल था।
छड़ायल नयाबाद निवासी दूध डेयरी में कार्यरत तारा दत्त पलड़िया की पत्नी बसंती देवी ने शुक्रवार को बैंक से अपने पति का वेतन 17 हजार रुपये निकाला। रुपयों को एक पॉलिथीन में रखकर बसंती देवी अपनी छोटी बेटी के साथ मोबाइल सिम लेने के लिए रोडवेज परिसर स्थित बीएसएनएल कार्यालय चली गई। उसने पॉलिथीन काउंटर पर रख दी। कुछ ही देर में उचक्कों ने पॉलिथीन पार कर दी। सिम लेने के बाद महिला ने जब मुड़कर देखा तो पॉलिथीन गायब थी। घबराई महिला कोतवाली पहुंची। पुलिस इस मामले में सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। थाने में महिला को रोते हुए देखकर लोग द्रवित हो गए। एक युवक ने महिला की तहरीर लिखकर कोतवाली पुलिस को दी।
बैंक से पति के वेतन के रुपये निकालकर पॉलिथीन में रखे थे
महिला थाने में रोती रही महिला, रोडवेज के आस पास उचक्के सक्रिय