हल्द्वानी। शराब की दुकान चलाने के बावजूद अधिभार की एक करोड़ रुपये से अधिक की राशि जमा न करने के आरोप में राजस्व पुलिस ने मंगलवार को शराब कारोबारी भुवन पांडे को गिरफ्तार कर लिया।
आवास विकास कॉलोनी निवासी भुवन पांडे ने वर्ष 2017 में खैरना में देसी शराब की दुकान के लिए आवेदन किया था। लाटरी में शराब की दुकान पांडे के नाम पर छूटी। आबकारी विभाग के अधिकारियों के मुताबिक शराब व्यवसायी भुवन ने अधिभार का 1.84 करोड़ रुपये जमा नहीं किए। इस पर विभाग ने फरवरी 2018 में पांडे की दुकान निरस्त कर दी। आबकारी विभाग ने कई बार उनसे अधिभार की राशि विभाग में जमा कराने को कहा लेकिन राजस्व जमा नहीं हुआ, जिस पर विभाग ने तहसील प्रशासन से राजस्व वसूली के लिए मदद मांगी। तहसीलदार पीआर आर्या ने बताया कि भुवन पांडे को बकाया राजस्व जमा कराने के लिए नोटिस जारी किया गया था। उन्होंने कुछ राशि जमा कराई लेकिन शेष राशि जमा नहीं की। तहसीलदार के मुताबिक सोमवार को उनके नेतृत्व में राजस्व अधिकारी पांडे के आवास विकास कॉलोनी स्थित घर भी गए थे लेकिन वह नहीं मिले। मंगलवार को राजस्व पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।