हल्द्वानी। बीमारी से परेशान मेट्रोपॉली सिटी रुद्रपुर निवासी राम सिंह मेर (65) ने जहर खा लिया। शुक्रवार सुबह एसटीएच में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। आईबीआरआई मुक्तेश्वर से रिटायर हुए राम सिंह मेर रामपुर रोड पर बिहारी पेट्रोल के पास नया मकान बनवा रहे थे। दो जुलाई को उन्होंने परिजनों से कहा कि वह निर्माणाधीन मकान देखने जा रहे हैं। यहां मकान निर्माण देखने के बाद उन्होंने जहर खा लिया। काफी देर तक राम सिंह का पता नहीं चलने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की और जंगल से बेहोश की हालत में ढूंढ निकाला। इसके बाद परिजनों ने उन्हें एसटीएच में भर्ती कराया। यहां शुक्रवार सुबह मौत हो गई।
इस बारे में मेडिकल चौकी ने परिजनों से पूछताछ की। पता चला कि बेटा अपना व्यवसाय करता है। बहू नौकरी करती है। घर में पैसे को लेकर कोई दिक्कत नहीं थी। बुजुर्ग सिर्फ अपनी बवासीर की बीमारी को लेकर परेशान थे। इस बारे में बुजुर्ग ने अपने करीबियों से जिक्र किया था। समझा जाता है कि बीमारी के चलते ही बुजुर्ग ने जान दी है। पुलिस ने पूछताछ के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया।
बीमारी से तंग बुजुर्ग ने जहर खाकर जान दी
टांडा जंगल में बेहोश मिला था